- बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार देर रात की घटना, काबू पाया
- दमकल कर्मियों ने अन्य फैक्टरियों तक आग को फैलने से रोका
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार देर रात एक फैक्टरी के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
दमकल विभाग के अनुसार शनिवार देर रात बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एचपीएम इनोटेक प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन की यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल और बहादराबाद फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही जेसीबी की मदद से जलते हुए स्क्रैप को बाहर निकालकर आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आकर स्क्रैप यार्ड में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।