संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कृषि उत्पादन मंडी से ऋषिकेश मंडी में सामान छोड़कर लौट रहे एक लोडर वाहन का कुछ लोगों ने पीछा किया। बुधवार रात हुई इस घटना में पीछा कर रहे संदिग्धों ने ज्वालापुर मंडी पहुंचकर लोडर में गोवंश होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और वीडियो बनाने लगे जबकि वाहन के अंदर केले रखने वाली खाली क्रेट रखी थीं।
मामले की जानकारी मिलते ही मंडी के व्यापारी तत्काल मौके पर एकत्र हो गए। व्यापारियों ने हंगामा कर रहे संदिग्धों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि एक व्यक्ति शराब के नशे में था। कोतवाली के एसएसआई खेमेंद्र गंगवार ने बताया कि आरोपी अभिषेक (निवासी शस्त्रधारा रोड, ऋषिकेश, देहरादून) को ड्रंक-एंड-ड्राइव में गिरफ्तार कर उसकी कार सीज कर दी गई। एक अन्य युवक का पुलिस एक्ट में चालान किया गया। अन्य संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात ऋषिकेश मंडी में सामान छोड़ने के बाद लोडर वाहन ज्वालापुर लौट रहा था। मंडी गेट पर कुछ सामान लेने के बाद जब यह वाहन निकला तो दो कारों में सवार कुछ लोगों ने इसका पीछा करना शुरू कर दिया। कार सवार लोग ज्वालापुर मंडी तक लोडर वाहन के पीछे आ गए और लोडर की वीडियो बनाते हुए उसमें गोवंश होने की बात कहकर विवाद करने लगे। लोडर की तलाशी लेने पर उसमें केवल खाली क्रेट मिलीं जिसके बाद व्यापारियों ने विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों संदिग्धों को कार सहित कोतवाली ले आई, जहां मेडिकल जांच में एक चालक के शराब पीने की पुष्टि हुई।