भल्ला इंटर कॉलेज के मैदान में जिला प्रशासन की ओर से बनवाए गए गोदाम में कई सामाजिक संस्थाओं ने खाद्यान्न पहुंचाकर सहयोग करना शुरू कर दिया है। पहले दिन पांच संस्थाओं की ओर से जारी सामग्री से बनवाकर 1239 पैकेट वितरण किए गए। गोदाम की व्यवस्थाओं को शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के साथ डीएम, एसएसपी, एसडीएम आदि अधिकारियों ने किया।
जिला प्रशासन की ओर से भल्ला इंटर कॉलेज में गोदाम बनवाया गया है। इसमें सामाजिक संस्थाएं, अखाड़ा व आश्रमों ने अपनी ओर से खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध करानी शुरू कर दी है। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य सरकार की ओर से दो दिन के अंदर सामग्री उपलब्ध करने का आश्वासन दिया। उन्होंने डीएम सी रविशंकर को प्रत्येक स्थिति से अवगत कराने को निर्देश दिए। गोदाम प्रभारी अपर मेला अधिकारी हरबीर सिंह ने बताया कि गोदाम में पहले दिन मंसा देवी ट्रस्ट ने 11 लाख, बड़ा उदासीन अखाड़ा, गरीबदासीय आश्रम, निर्मल संतपुरा कनखल व गोकर्ण आश्रम की ओर से खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इस सामग्री से पहले दिन 1239 पैकेट बनवाए गए जोकि गंगा के घाटों के साथ अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भिखारियों एवं अन्य जरूरतमंदों को वितरण किए गए।
पांच हजार पैकेट बनवाएंगे मंडी सचिव
आटा पांच किलो, चावल तीन किलो, दाल मसूर एक किलो, रिफाइंड तेल एक लीटर, नमक एक किलो, मिर्च 100 ग्राम, हल्दी 100 ग्राम व चीनी एक किलो का पैकेट बनवाया जाएगा। डीएम सी रविशंकर ने बताया कि पतंजलि हर्बल एंड फूड पार्क लक्सर रोड पदार्था में मंडी सचिव ज्वालापुर पांच हजार पैकेट बनवाएंगे।
मेयर ने दिए घर-घर कीटनाशक के छिड़काव के निर्देश
हरिद्वार। मेयर अनीता शर्मा ने नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी के साथ अधिकारियों की बैठक लेकर कोरोना वायरस के प्रति सचेत रहकर घर-घर में कीटनाशक का छिड़काव कर सैनिटाइज करने के निर्देश दिए। मेयर अनीता शर्मा ने अतिरिक्त टैंकर और कर्मचारी उपलब्ध कराकर धरातल पर युद्ध स्तर पर उतरने को कहा। इसके बाद मेयर ने उत्तरी हरिद्वार, ज्वालापुर, कनखल में छिड़काव की व्यवस्थाओं के साथ समाजसेवियों की ओर से किए जा रहे कार्यों को देखा।