- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, पति-ससुरालियों पर गंभीर आरोप
हरिद्वार। एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उत्तराखंड महिला आयोग के निर्देश पर सिडकुल पुलिस ने पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरजू चौहान निवासी गांव औरंगाबाद ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र के ग्राम कासमपुर निवासी अमित चौहान से हुई थी। विवाह के समय उसके पिता ने दहेज में सोने के आभूषण, घरेलू सामान और कार तक दी थी। शादी के अगले ही दिन सास मालती देवी ने उसके सभी उपहार और सामान जबरन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद से ही पति का व्यवहार हिंसक हो गया और वह मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न करने लगा। आरोप है कि सास और देवर सुमित चौहान भी दहेज की अतिरिक्त मांग पर उसे प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि एक बार गला दबाकर जबरन उसे जहर पिलाने की कोशिश भी की गई। गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की जाती रही। आरोप है कि बेटी के जन्म पर पति ने अस्पताल में भी गाली-गलौज कर मारपीट की। इसके बाद वह अपने मायके आ गई थी। आरोप है कि पति-ससुराल वाले कई बार मायके आकर धमकी दे चुके हैं। नवजात बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश भी कर चुके हैं। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि पति अमित चौहान, सास मालती देवी, देवर सुमित चौहान, ननद कुसुम और उसके पति विनय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।