हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सर्विस रोड पर हुए सड़क हादसे में भेल कर्मचारी की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, आनंद कुमार निवासी लोहरदगा झारखंड ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई महावीर कुमार उराव टिहरी विस्थापित कॉलोनी में रहकर भेल में कार्यरत था। 27 नवंबर को ड्यूटी के दौरान वह साथी कर्मचारी जसपाल सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर कहीं जा रहा था। जटवाड़ा पुल के पास सर्विस रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर महावीर को जौलीग्रांट रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक दिसंबर को वह हरिद्वार पहुंचे और दो को अंतिम संस्कार करने के बाद तीन दिसंबर को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।