- पथरी थाना क्षेत्र का मामला, चालक की बेटी हुई थी घायल, जांच शुरू
पथरी। थाना क्षेत्र के ग्राम पदार्था में तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुई ई-रिक्शा चालक की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गंभीर रूप से घायल हुई उनकी बेटी का इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के पुंडरी खुर्द निवासी अमित कुमार ने तहरीर देकर बताया कि 15 फरवरी की शाम उसके पिता प्रेम सिंह अपनी बेटी भूमिका के साथ सलेमपुर से घर लौट रहे थे। बताया कि प्रेम सिंह ई-रिक्शा चला रहे थे। जब वे ग्राम पदार्था स्थित रविदास मंदिर के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि भूमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल भूमिका को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वाहन के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।