भगवानपुर। फीस का लाखों रुपया गबन करने के विरोध में छात्रों ने कालेज में जमकर हंगामा काटा। आरआईटी के प्रबंधन की तरफ से लिखित आश्वासन के बाद ही छात्र शांत हुए। प्रबंधन की तरफ से छात्रों को आश्वासन दिया गया कि कालेज के एकाउंटेंट गुंजन गुप्ता के पास फीस जमा कराने वाले छात्रों से किसी तरह का फाइन नहीं लिया जाएगा।
सोमवार को करीब चार बजे एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्रों ने कालेज परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया। छात्रों का कहना था कि उन्होंने गुंजन गुप्ता के पास फीस जमा की थी। 50 छात्रों की 16 लाख से अधिक फीस की रसीद नहीं दी गई। जब लेखा अनुभाग से जानकारी ली गई तो पता चला कि गुंजन गुप्ता ने फीस जमा नहीं करवाई। वह लगातार उनसे संपर्क करते रहे लेकिन हरबार टालने की कोशिश की गई। छात्रोें का कहना था कि मंगलवार से परीक्षाएं हैं ऐसे में वह परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। छात्रों ने आरआईटी के चेयरमैन एसके गुप्ता आदि अधिकारियों से बातचीत की। कालेज के चेयरमैन एसके गुप्ता ने छात्रों को आश्वासन दिया कि सभी लोग परीक्षा में बैंठेंगे और गुंजन गुप्ता के पास फीस जमा करने वाले छात्रों से फाइन नहीं वसूला जाएगा। इसके बाद ही छात्र शांत हुए।