लक्सर। जिलाधिकारी सचिन कुर्वे ने मंगलवार को प्रशासनिक टीम के साथ क्षेत्र के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। एक स्कूल में मिड डे मील बंद होने पर उन्होंने प्रधानाध्यपक को जमकर फटकार लगाई।
जिलाधिकारी सचिन कुर्वे मंगलवार को एसडीएम मोहम्मद नासिर के साथ फतवा गांव स्थित एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में पहुंचे। निरीक्षण में पता चला कि स्कूल में पिछले करीब दो सप्ताह से मिड डे मिल नहीं बना है। इस पर डीएम ने प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई। प्रधानाध्यापक ने बताया कि चावल न होने की वजह से एमडीएम नहीं बन पाया है। इस पर जिलाधिकारी ने तुरंत चावल मंगवाने के निर्देश दिये। इसके बाद वह इसी गांव के प्राथमिक विद्यालय में गये। यहां पर व्यवस्थाएं सामान्य दिखाई दी। उन्होंने एक छात्रा नरगिस से कुछ सवाल पूछे। जिसके उसने सही जवाब दिए। डीएम ने छात्रा को प्रोत्साहित किया। रायघटी, नहिंदपुर एवं अलावलपुर गांव के विद्यालयों में भी गए। यहां भी स्थिति ठीक मिली। रायघटी में छात्र विनीत और नहिंदपुर में शाहिद और आसमां ने भी जिलाधिकारी द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर दिये। इस पर जिलाधिकारी ने इन बच्चों को विशेष मौकों पर सम्मानित किये जाने को कहा।