मंगलौर। तीन माह पूर्व तेल कारोबारी के अपहृत पुत्र की फिरौती के बदले में तीन लाख रुपये मांग रहे एक बदमाश को पुलिस ने जाल बिछाकर धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी तेल कारोबारी के पुत्र के बारे में कोई सुराग नहीं दे सका। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक मंगलौर के तेल कारोबारी राकेश सबरवाल के पुत्र विजय का 14 अगस्त को अपहरण हो गया था। अभी तक पुलिस को विजय के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है लेकिन पिछले कई दिनों से राकेश सबरवाल के मोबाइल पर अ्ज्ञात व्यक्ति की काल आ रही थी जिसमें फोन करने वाला उसके पुत्र विजय की फिरौती के बदले में तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था। तेल कारोबारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इस पर रविवार की रात को पुलिस ने जाल बिछाकर तेल कारोबारी के माध्यम से फिरौती मांगने वाले बदमाश को टांडा भनेडा रोड पर बुला लिया। जैसे ही आरोपी रकम लेने पहुंचा तो पुलिस ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम नियाज निवासी सैनीपुरा मंगलौर बताया। काफी पूछताछ किए जाने के बावजूद वह विजय के बारे में कोई सुराग नहीं दे सका। उसका कहना था कि वह मौके का फायदा उठाकर पैसे कमाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।