अमर उजाला ब्यूरो
श्यामपुर।
एक साल से कई बीमारियों से जूझ रहे ग्रामीण का इलाज कराने के लिए श्यामपुर पुलिस ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। पुलिस ने आर्थिक मदद कर बीमार को देहरादून हॉस्पिटल में भर्ती कराने के साथ ही उसके दो छोटे बच्चों की पढ़ाई के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। ।
गाजीवाली गांव के निवासी मुनेश पुत्र विसना एक साल से कई बीमारियों से पीड़ित है। घर में कोई दूसरा व्यक्ति कमाने वाला नहीं होने से वह इलाज नहीं करा पाया। घर में उसके दो बच्चे आठ वर्षीय बेटी तनुजा तथा छह साल का बेटा तरुण हैं। बीमार ग्रामीण कि कोई देखभाल ना होने से वह एक वर्ष से चारपाई पर ही लेटा हुआ है। बुधवार को थानाध्यक्ष श्यामपुर प्रदीप मिश्रा को यह बात पता चली तो उन्होंने मुनेश के घर पहुंचकर उसकी सुध ली। थानाध्यक्ष ने उपचार के लिए पांच हजार रुपये की मदद कर बृहस्पतिवार सुबह देहरादून में एडमिट करने के लिए गाड़ी की व्यवस्था कराई। वहीं बच्चों की पढ़ाई के लिए और आर्थिक मदद का भरोसा भी दिलाया है। ग्रामीण आरती पाल ने इलाज के लिए 2500 रुपये की मदद करने का भरोसा दिलाया है। कई लोगों से उसने अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराने के लिए कहा था लेकिन किसी ने भी मदद नहीं की। अब श्यामपुर पुलिस को पता लगने के बाद थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा की मदद से बृहस्पतिवार को मुनेश को देहरादून जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वही गाजीवाली गांव के उपप्रधान गंगाधर ने भी इलाज के लिए मदद का भरोसा दिलाया है।