ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। सोमवार को अंतिम दिन तक जमा हुए नामांकन पत्रों की जांच में तीन नामांकन पत्र निरस्त हो गए। इनमें मानव हित पार्टी से शिवकुमार कश्यप, कांग्रेस से मनोज जैन और पिरामिड पार्टी ऑफ इंडिया से कृष्णाधर पांडेय का नामांकन निरस्त हो गया। अब राजनीतिक पार्टियों समेत 17 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र शेष बचे हुए हैं। वापसी का समय 28 मार्च तक नियत है।
लोकसभा चुनाव के लिए बतौर प्रत्याशी भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कांग्रेस से पूर्व विधायक अंबरीष कुमार, बसपा से डॉ. अंतरिक्ष सैनी, उत्तराखंड क्रांति दल से सुरेंद्र उपाध्याय, उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक से त्रिबिरेंद्र सिंह, बहुजन मुक्ति पार्टी से भानपाल सिंह, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से फुरकान अली एडवोकेट, भारतीय सर्वोदय पार्टी से नरेंद्र, मानव हित पार्टी से शिव कुमार कश्यप ने, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक से ललित कुमार, पिरामिड पार्टी ऑफ इंडिया से कृष्णधर पांडेय, हिंदुस्तान निर्माण दल से रीनू ने नामांकन पत्र जमा किए। बतौर निर्दलीय मनीष वर्मा, कांग्रेसी नेता मनौज जैन, मोहम्मद आदिल, बच्ची सिंह, धर्मेंद्र, भूषण लाल, शिशुपाल सिंह, डा. प्रतिभा सैनी ने नामांकन पत्र जमा किया। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि निरस्त किए गए नामांकन पत्रों के आवेदक संबंधित राजनीतिक पार्टी का अधोहस्तारित लैटर और प्रस्तावकों के हस्ताक्षर न होने के कारण निरस्त कर दिए गए हैं। तीन नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद अब 17 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 28 मार्च तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी।