कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए प्लाज्मा दान करने के लिए आठ संक्रमित रहे युवाओं ने अपने ब्लड का सैंपल एम्स ऋषिकेश की टीम को उपलब्ध करा दिए। यह युवा जरूरत पड़ने पर मरीज के लिए एम्स पहुंचकर प्लाज्मा दान करेंगे।
सिंहद्वार के पास एक होटल में ब्लड वॉलियंटर्स हरिद्वार के सदस्यों की ओर से कोरोना संक्रमित मरीजों के जीवन बचाने के लिए प्लाज्मा दान देने के लिए शिविर लगाया। शिविर में ऐसे कोरोना वॉरियर्स को आमंत्रित किया जो संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और स्वेच्छा से प्लाज्मा दान करना चाहते हैं।
ब्लड वॉलियंटर्स के संस्थापक अनिल अरोड़ा ने बताया कि शिविर में 20 कोरोना वॉरियर्स पहुंचे। प्लाज्मा की शर्तों को पूरा न करने पाने पर मात्र 8 लोगों का सैंपल लिया गया। जांच की रिपोर्ट आते ही सभी को एम्स ऋषिकेश में ही बुला कर रक्तदान किया जाएगा। अनिल अरोड़ा ने बताया कि संस्था प्लाज्मा की बढ़ती मांग को देखते हुए ऐसे ही शिविर हर हफ्ते हरिद्वार में लगाने की कोशिश की जाएगी।
शिविर में एम्स ऋषिकेश से डॉक्टर सुशांत मेनिया के नेतृत्व में टीम ने प्लाज्मा डोनेशन के लिए सैंपल एकत्रित किए। टीम में डॉ रंजन मुखर्जी, डॉ. यतींद्र चतुर्वेदी, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. विनोद थपलियाल आदि शामिल रहे। ब्लड वॉलंटियर्स के शेखर सतीजा, विकास जैन, विशाल अनेजा, मनीष लखानी, नितिन कर्णवाल, पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया, राहुल वशिष्ठ, फुरकान अंसारी शामिल रहे।