हरिद्वार। नए साल के पहले दिन जिलेभर की पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए संगठित अपराध में लिप्त आदतन अपराधियों पर कार्रवाई की है। जनपद के सभी 17 थाना-कोतवाली क्षेत्रों में सक्रिय गिरोहों के 64 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी के खिलाफ अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की जाएगी।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि लंबे समय से चोरी, लूट, मारपीट, अवैध वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की कुंडली खंगालकर कार्रवाई करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए थे। अलग-अलग गिरोहों के सरगना और सक्रिय सदस्य पुलिस के रडार पर थे। सभी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने बताया कि मंगलौर में आठ, बहादराबाद में सात, लक्सर में सात, भगवानपुर में छह, कनखल में छह, पथरी में पांच, सिडकुल में पांच, रानीपुर में चार, श्यामपुर में तीन, रुड़की में तीन, गंगनहर में तीन, ज्वालापुर में दो, झबरेड़ा में दो, कलियर में एक और बुग्गावाला में दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक्ट के तहत आरोपियों की संपत्ति जब्त करने के लिए कार्रवाई शुरू की जाएगी।