विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए शुक्रवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन जिले में एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। जबकि 62 लोगों ने नामांकन फार्म प्राप्त किए।
कोविड और आचार संहिता के नियमों व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 11 बजे से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। सभी 11 विधानसभाओं के लिए 62 नामांकन प्रपत्र राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्दलीय चुनाव लड़ने वालों ने रिटर्निंग आफिसरों से प्राप्त किए। इनमें विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 25 हरिद्वार के लिए चार नामांकन प्रपत्र लिए गए। इनमें से दो राष्ट्रवादी विकास पार्टी और सपा और बसपा ने लिया। बीएचईएल रानीपुर के लिए नौ नामांकन पत्र लिए गए। इनमें कांग्रेस ने दो, सीपीआई (एम), सीपीआई, बसपा, आम आदमी पार्टी ने एक-एक और तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए।
ज्वालापुर सीट के लिए सात नामांकन लिए गए। इनमें आम आदमी पार्टी, बसपा, न्याय धर्म सभा ने एक-एक और चार अन्य निर्दलीय ने नामांकन लिया। भगवानपुर सीट के लिए कुल छह नामांकन बिके। इनमें कांग्रेस के दो, एक-एक बसपा और एक आम आदमी पार्टी एवं दो निर्दलियों ने लिए। झबरेड़ा विधानसभा के लिए आठ नामांकन खरीदे गए। इनमें दो कांग्रेस, एक-एक बीजेपी, बसपा, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक और तीन निर्दलियों ने प्राप्त किए। पिरान कलियर के लिए सात नामांकन में एक कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी, न्याय धर्म सभा, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक और दो निर्दलीयों ने लिए।
रुड़की के लिए कांग्रेस के लिए दो नामांकन पत्र लिए गए। खानपुर के लिए चार नामांकन पत्रों में से भाजपा, बसपा, आजाद समाज पार्टी और निर्दलीय ने एक नामांकन पत्र लिया गया। मंगलौर के लिए दो निर्दलीय और दो बसपा ने नामांकन पत्र लिए। लक्सर के लिए कुल नौ नामांकन पत्र लिए गए। इनमें से एक-एक भाजपा और बसपा और सात अन्य निर्दलीय ने लिए। हरिद्वार ग्रामीण के लिए एक भाजपा और एक निर्दलीय ने नामांकन प्रपत्र रिटर्निंग आफिसरों से प्राप्त किए।