हरिद्वार। सिडकुल पुलिस ने शुक्रवार रात ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और शराब की दुकानों के आसपास शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 62 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई कर सभी को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय शराब के नशे में कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर महिलाओं पर फब्तियां कसते थे। इसको लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले में एसएसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों, शराब की दुकानों और ढाबों के आसपास शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 62 लोगों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 15,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।
एसओ अजय शाह ने बताया कि सभी आरोपियों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते या हुड़दंग करते पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।