बारिश के बीच भी कांवड़ियों के कदम लगातार अपने गंतव्य की तरफ आगे बढ़ रहे हैं। पांच दिन में 57 लाख 55 हजार कांवड़िये गंगाजल भरकर हरिद्वार से रवाना हो चुके हैं। पुलिस के दावे के मुताबिक शनिवार को कांवड़ मेले के पांचवें दिन 22 लाख 25 हजार कांवड़ियों ने हर की पैड़ी से गंगाजल भरा और कांवड़ लेकर रवाना हुए हैं।
कांवड़ मेले में हरिद्वार पहुंचने वाले शिवभक्तों का सिलसिला लगातार जारी है। चार जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा में लगातार कांवड़ियों की संख्या बढ़ रही है। पहले दिन एक लाख 10 हजार कांवड़िये पहुंचे। दूसरे दिन 8 लाख 50 लाख, तीसरे 10 लाख 50 हजार और चौथे दिन 15 लाख 20 हजार कांवड़ियों ने गंगाजल भरा है। एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, शनिवार की शाम छह बजे तक हरकी पैड़ी से 57 लाख 55 हजार कांवड़िये गंगाजल भरकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।