ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
सिक्योरिटी गार्ड दंपति के कत्ल की कोशिश में सिडकुल पुलिस का फोकस रंजिश के पहलू पर आकर ठहर गया है। पुलिस टीम बागपत के लिए रवाना हो गई है। गोलीकांड में घायल सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ वेस्ट यूपी के अलग अलग थानों में संगीन वारदातों को अंजाम देने के 18 मुकदमे दर्ज हैं। इधर, मेट्रो अस्पताल में दाखिल दंपति की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बृहस्पतिवार की देर शाम सिडकुल की हेवल्स कंपनी के पास सिक्योरिटी गार्ड मांगेराम, उसकी पत्नी मोनिका पर मोटरसाइकिल सवार चार युवकों में से दो ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई थी। दंपति को छह गोलियां लगी थी, जिन्हें गंभीरवस्था में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मूल रूप से वेस्ट यूपी के गांव चांदनगर थाना ककरौली बागपत निवासी मांगेराम यहां पिछले तीन साल से परिवार के साथ रावली महदूद में किराए पर रह रहा है। उसकी पत्नी हेवल्स और वह खुद एक दूसरी औद्योगिक इकाई में कार्यरत हैं। वारदात को अंजाम देकर मोटरसाइकिल सवार शूटर फरार होने में कामयाब रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया था कि मांगेराम के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, गैंगस्टर, एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन वारदातों को अंजाम देने के 18 मुकदमे ककरौली और भोपा मुजफ्फरनगर थाने में दर्ज हैं।
प्रथम दृष्टया पुलिस गोलीकांड को रंजिश से जोड़कर देख रही है हालांकि सिक्योरिटी गार्ड ने किसी भी हमलावर को पहचानने की बात से इनकार किया है। सिक्योरिटी गार्ड के भाई पिंटू ने इस संबंध में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ देवराज शर्मा ने बताया कि एक पुलिस टीम बागपत गई है, सिक्योरिटी गार्ड की रंजिश के संबंध में जानकारी जुटा रहे है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हरिद्वार। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने का कार्य तेजी से चल रहा है। पुलिस टीम हेवल्स कंपनी से लेकर गांव सलेमपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर पड़ने वाली औद्योगिक इकाइयों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।