ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
अनुच्छेद 370 को हटाने और जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को धरने पर बैठे प्रदर्शन स्थल पर जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद महाराज ने कहा कि कश्मीर के हालात सुधारने और विकास के पथ पर लाने के लिए संतों की दोनों मांग केंद्र सरकार को माननी होगी। उन्होंने देश में बढ़ते आतंकवाद पर चिंता जताते हुए कहा कि कश्मीर की युवा पीढ़ी रास्ते से भटक गई है, इसे देश की विचारधारा में शामिल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
शनिवार को प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने व जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग को लेकर संत-महंतों का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन महंत स्वामी रूपेंद्र प्रकाश के नेतृत्व में जारी रहा। धरने को समर्थन देने पहुंचे महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज और स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर हिंदुओं के कश्मीर में बसने का रास्ता साफ करें। हिंदुओं के वहां बसने से ही आतंकवाद को रोकने में कामयाबी मिलेगी। इसके अलावा देश में कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून भी लागू किया जाए। पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि पीएम मोदी ने सेना का साहस और शौर्य बढ़ाने के साथ ही करोड़ों देशवासियों का सम्मान बढ़ाया है। पाकिस्तान से विंग कमांडर अभिनंदन की वतन वापसी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। महंत शिवम पुरी महाराज व स्वामी बचन दास महाराज ने कहा कि पलायन कर चुके कश्मीरी पंडितों को उनके घर वापस भेजा जाए। संस्कार भारती के प्रांत सहमंत्री राजकुमार उपाध्याय ने कवि रूप में काव्य पाठ कर कश्मीर समस्या पर सभी का ध्यान केंद्रित किया। इस मौके पर कवि अजय त्यागी, अमन व विवेक कांबोज, पूनम, सत्यदेव सोनी, अमन सिखौला, रामसी काला ने काव्य पाठ किया। इस मौके पर राज्यमंत्री डा. विनोद आर्य, महामंडलेश्वर स्वामी कपिल मुनि महाराज, हरजीत सिंह, रवि भूषण जोशी, सुधा टोंक, नितिन चौहान, महेश चंद्र काला, विक्रम सिंह, राखी चड्ढा, अनंत शमा्र, एमके अग्रवाल, आशीष झा, अनिल भारती, आरडी अग्रवाल, अजय पाठक, रंजना चतुर्वेदी, अंजली, हेमा भंडारी, आशा चौधरी, क्रिसलय क्रांतिकारी, योगेश चौहान आदि शामिल हुए।