श्यामपुर। वन विभाग की भूमि से वन गुर्जरों को हटाए जाने के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में वन गुर्जरों और अन्य ग्रामीणों ने श्यामपुर रेंज कार्यालय कर घेराव कर प्रदर्शन किया। चंडीघाट पुल के नीचे रहने वाले लोगों ने भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका और सरकार पर गरीबों के उत्पीड़न का आरोप भी लगाया। प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने पहुंचे पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि गरीबों के हितों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।
मंगलवार को वनकर्मियों ने गाजीवाली और बाहरपीली गांव के पास अवैध रूप से रह रहे वन गुर्जरों को हटवा दिया था। इस दौरान वनकर्मियों और वन गुर्जरों के बीच धक्कामुक्की भी हुई थी। वहीं दूसरी ओर चंडीघाट पुल के नीचे की बस्तियों के घरों पर भी नोटिस चस्पा किया गया है। बुधवार को कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वन गुर्जर और चंडीघाट बस्ती के लोग वन विभाग श्यामपुर रेंज के कार्यालय पर एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार हर गरीब को अपना घर देने का वादा करके सत्ता में आई थी लेकिन देश में किसी को भी घर तो दिया नहीं बल्कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों का उजाड़ा जा रहा है। बिना सूचना दिए लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन की गुंडागर्दी इसी तरह जारी रही तो पीड़ितों के साथ वे खुद भी धरने पर बैठेंगे। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गुरजीत सिंह लहरी ने कहा कि गरीबों को उजाड़ रही सरकार को यह भी तो बताना चाहिए कि इन्हें कहां बसाया जाएगा। इस मौके पर कांगड़ी गांव के ग्राम प्रधान राजेश कुमार, साबिर अली, मोहम्मद शफी लोधा, शमशाद, सद्दीक, मुमताज, बिजेंदर सैनी, कपिल सैनी आदि मौजूद रहे। वहीं पूर्व प्रधान शमशेर अली भडाना, मोहम्मद सद्दीक, मुमताज, शफी लोधा आदि ने वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र पुंडीर के साथ बैठक की। वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र पुंडीर का कहना है कि वन गुर्जर बगैर परमिट के जंगल में ले रहे हैं उन्हें 10 दिन के अंदर वन गुर्जरों की सहायता से निकाला जाएगा ।
----------------
कांगड़ी गांव के पास बस रहे बाहरी लोग
श्यामपुर। हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में हटाए गए लोग कांगड़ी गांव के पास खाली पड़ी जमीन पर बसने लगे हैं। कांगड़ी गांव मे सिद्ध सोत नाले के पास गंगा किनारे बड़ी संख्या में कब्जा कर झोपड़ी बना रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिला प्रशासन को इस बारे में संज्ञान लेना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बाहरी लोग यहां बसेंगे तो क्षेत्र में अपराध बढ़ जाएंगे। ग्राम प्रधान राजेश कुमार, सोनू राणा, फकीरचंद, दिवाकर, अजय आदि का कहना है कि इन लोगों को हटाया जाना चाहिए।