अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। हरकी पैड़ी के समीप पहाड़ी के डेंजर जोन से आपदा प्रबंधन विभाग बेखबर है। सोमवार की बारिश से क्षेत्र में भू-स्खलन हुआ है।
इस पहाड़ी के नीचे रेलवे की सुरंग हैं। सुरंग के ऊपर की पहाड़ी को खोद-खोदकर रसूखदारों ने बहुमंजिलें अवैध निर्माण कर दिए हैं। प्राधिकरण की ओर से दो-दो बार सील करने के बाद भी बहुमंजिला निर्माण की देखा-देखी कई अन्य लोगों ने भी निर्माण करा लिए हैं। तहसील प्रशासन की ओर से 2010 में हुए भारी भूस्खलन के बाद हरकी पैड़ी से भीमगोडा तक हिल बाईपास क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित किया था। बावजूद इसके वहां कोई ट्रीटमेंट कार्य नहीं किया गया। अब सोमवार को हुई बारिश से ब्रह्मपुरी का सेठी वाला नाला फिर से सिल्ट से भर गया है। ललतारौ में गुरुद्वारा तथा रेलवे पुलिया का क्षेत्र सिल्ट से भर गया है। जबकि सब्जी मंडी तथा विष्णुघाट में सिल्ट आने से कीचड़ हो गया है। रेलवे रोड का नाला साफ नहीं होने से रेलवे गेट से एक सड़क पर पानी भर जाने से उस पर आगमन बाधित रहा। मंगलवार को 10 बजे तक एक ही सड़क पर यातायात के चलने से जाम की स्थिति रही। सत्य विहार कालोनी के कई लोगों के घरों में भी बारिश का पानी भरा। लोगों का कहना है कि तली झाड़ सफाई नहीं होने से बारिश में सिल्ट आने से क्षेत्र को खतरा हो सकता है।