अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
खादर क्षेत्र के गांव बादशाहपुर में ओवरहेड टैंक का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों के सामने पीने की पानी का संकट गहरा गया है। ओवरहेड टैंक का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि हरिद्वार ग्रामीण के विधायक स्वामी यतीश्वरानंद के आश्वासन के बाद भी पानी की टंकी का निर्माण नहीं हुआ है। ग्रामीणों अरविंद कुमार, मुकेश कुमार, सर्वेश अग्रवाल, अजय कुमार का कहना है कि पिछले साल हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद से मिलकर इस समस्या का समाधान कराने की मांग की गई थी। जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूउ पानी की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। गांव में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल परियोजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण होना था। भूमि का सर्वे भी हो गया था। सात साल पहले पचास से अधिक ग्रामीणों ने पानी की टंकी का कनेक्शन लेने के लिए ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता उप समिति के पास पैसा जमा किया था, लेकिन अब पैसा लौटाया जा रहा है। विजय कुमार, शेखर, अजीत चौहान, नवीन कुमार आदि का कहना है कि उनके गांव की छह हजार की आबादी है। गर्मी के दिनों में नल सूखने लगते हैं। पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। अब गर्मी के दिनों में पानी की सख्त जरूरत है।