हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ के चुनाव पर लगी रोक को हटा दिया है। विवि की ओर से संशोधित चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विवि में छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. पीसी जोशी ने बताया कि विवि में छात्रसंघ के चुनाव के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 13 सितंबर को 12 से तीन बजे के बीच नामांकन पत्रों की वापसी के बाद सांय चार बजे प्रत्याशियों के नामों की अंतिम सूची जारी दी जाएगी। 18 सितंबर को आठ से दो बजे के लिए मतदान होगा। तीन बजे से मतगणना की जाएगी। इसके बाद विजय प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी। मालूम हो कि गुरुकुल विवि में छात्रसंघ चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद प्रत्याशी मनीष कुमार और सचिव पद प्रत्याशी राहुल कटियार का पांच सितंबर को अपहरण हो गया था। छात्र प्रांजल गुप्ता ने तीन पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सहित विवि के छह छात्रों पर अपहरण का आरोप लगते हुए कनखल थाने में तहरीर दी थी। जिस पर कनखल पुलिस ने आरोपी छात्रों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। छात्रों के अपहरण पर विवि प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव को स्थगित कर दिया था। अपहृत छात्रों ने अगले दिन सुबह वापस लौटकर आरोपी छात्रों पर लगे आरोपों को नकार दिया था। मंगलवार को विवि के सैकड़ों छात्रों ने घंटों तक कुलपति का घेराव करते हुए छात्रसंघ चुनाव जल्द से जल्द कराए जाने की मांग की थी।