अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। शहर के आसपास के क्षेत्रों से डेंगू के तीन नए मरीजों के मामले सामने आए हैं। तीनों मरीज आरके मिशन अस्पताल कनखल में भर्ती हैं। वहीं जिला मलेरिया विभाग की टीम ने शिवलोक में अभियान चलाते हुए लार्वा नष्ट कराया और स्कूल में जागरूक करते हुए पर्चे वितरित किए।
बृहस्पतिवार को अलग-अलग क्षेत्रों में तीन लोग डेंगू से ग्रसित हुए हैं। इनमें दो मरीज रामधाम कालोनी के निवासी हैं। जबकि तीसरा मरीज ज्वालापुर में रहता है। तीनों मरीज कनखल स्थित आरके मिशन अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, जिला मलेरिया विभाग की टीम ने शिवलोक कालोनी में डेंगू से पीड़ित सुनील पुत्र बलवंत सिंह चौहान के घर पर लार्वा ढूंढने का अभियान चलाया। जिसमें उनके कूलर में लार्वा मिला। पीड़ित होने के बावजूद घर में रहने वालों ने साफ- सफाई तक नहीं की। जिला मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि शिवलोक कालोनी में कई घरों में लार्वा मिला और उसे नष्ट कराते हुए लोगों को लार्वा पहचानने और बचाव के तरीके सुझाए। इस दौरान टीम ने शिवलोक कालोनी के स्कूल में प्रधानाचार्य के साथ बच्चों को डेंगू के प्रति सचेत किया और पर्चे वितरित करते हुए अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को रुड़की में भी अभियान चलाया जाएगा।