- एग्रीमेंट कराने वाले ने बेची भूमि अब मालिक को तीन साल बाद याद आई सड़क की नाप
- करीब साढ़े चार बीघा भूमि प्लॉट में सड़क के उपयोग में लेकर बेची गई क्रेताओं को जमीन
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। कटारपुर हाईवे किनारे की गई प्लॉटिंग में 40 प्लॉट खरीदार सड़क की भूमि को लेकर परेशानी झेल रहे हैं। रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज के बावजूद भूमि मालिक अब प्लॉटिंग में निकाली गई सड़कों के बदले अतिरिक्त भूमि या पैसे की मांग कर रहा है। बृहस्पतिवार को खरीदारों ने प्रेस वार्ता कर प्रशासन पर भूमि मालिक से मिलीभगत और उत्पीड़न के आरोप लगाए। उनका कहना है कि करीब 18 बीघा भूमि में 40 प्लॉट काटे गए थे, जिनमें चार रास्ते भी शामिल थे। चौड़ी सड़कों को देखकर ही उन्होंने तय रेट पर प्लॉट खरीदे और पूरा भुगतान किया था।करीब तीन साल बाद अब भूमि मालिक सड़कों की भूमि अलग से नापकर उतनी ही जमीन मांग रहा है। खरीदारों का आरोप है कि तहसील प्रशासन न तो पैमाइश करा रहा है और न ही एग्रीमेंट के अनुसार खरीदे गए प्लॉटों को सही मान रहा है। पीड़ितों ने तहसील प्रशासन के बाद जिलाधिकारी से भी शिकायत की है। मामले में तरुण शर्मा, शैलेष शर्मा, मनोज चौधरी, हरजीत सिंह, नीलम चौधरी, ममता शर्मा, गिरीश बाबू शर्मा, मधु लता शर्मा, अभिनव उपाध्याय, पुनीत, अनामिका त्रिपाठी और गौरव भसीन सहित कुल 40 लोग न्याय की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।