हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की नया हरिद्वार कॉलोनी में घर में घुसकर मोबाइल-नकदी चोरी और युवती पर हमला करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, रामकिशन भारद्वाज निवासी नया हरिद्वार कॉलोनी, रानीपुर मोड़ ने तहरीर में बताया कि बुधवार तड़के करीब चार बजे उनके घर में एक चोर घुस आया, तीन मोबाइल फोन व नकदी चोरी कर ले गया। घर के अंदर आहट सुनकर उनकी बेटी सोनाली की आंख खुल गई उसने चोर को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी उस पर हमला कर फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद