हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक कर्मचारी को ऑप्शन ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर 3.77 लाख रुपये की ठगी की। बीएचईएल निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 और 23 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई कैप सिक्योरिटीज का अधिकारी बताया और उन्हें ऑप्शन ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया। उसकी बातों में आकर कुल 6.98 लाख 548 रुपये विभिन्न किश्तों में निवेश कर दिए।
विज्ञापन
शुरू में ठगों ने 3.21 लाख 134 रुपये उनके खाते में वापस ट्रांसफर कर दिए, जिससे उनका विश्वास और पुख्ता हो गया। इसके बाद जब उन्होंने बाकी रकम मांगी तो कोई जवाब नहीं मिला और ठगों से संपर्क टूट गया। काफी प्रयास के बावजूद जब कोई संपर्क नहीं हो सका तो उन्हें समझ में आया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।