अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। सरकारी जमीनों, सड़कों, नालों और नालियों से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम, पीडब्ल्यूडी एवं सिंचाई विभाग ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस दे दिया है। नगर निगम ने सोमवार को अभियान भी शुरू कर दिया है और प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग तथा सिंचाई खड़ हरिद्वार ने मंगलवार को नोटिस देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोनिवि ने देवपुरा से शहर कोतवाली तक मुख्य मार्ग के अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देने के साथ ही 20 अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाया है। पीडब्ल्यूडी ने पुल जटवाडा ज्वालापुर से दूधाधारी चौक भूपतवाला तक लगभग 11 किलोमीटर मुख्य मार्ग को कच्चे-पक्के सहित छोटे-बड़े हर प्रकार अतिक्रमण से मुक्त करने का निर्णय लिया है। नोटिस देने के साथ ही अतिक्रमण को सूचीबद्ध भी किया जा रहा है। मंगलवार को देवपुरा से शहर कोतवाली तक मुख्य मार्ग के अतिक्रमणकारियों को अवर अभियंता शिवानी सैनी ने नोटिस दिया तथा मौखिक रूप से भी हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी दी है। सहायक अभियंता आरपी नैथानी ने बताया कि अतिक्रमण को सूचीबद्ध करने, नोटिस देने के साथ-साथ जेसीबी से ध्वस्तीकरण की तैयारी भी कर ली गई है।
सिंचाई खंड हरिद्वार के अधिशासी अभियंता सुंदरलाल कुड़ियाल ने बताया कि हाईकोर्ट के अनुपालन में सिंचाई विभाग की आरक्षित कुंभ मेला भूमि के अतिक्रमणकारियों को सूची बनाई जा रही है। चंडीघाट में मंगलवार को नोटिस देने के साथ ही नोटिस चस्पा भी करा दिया गया है।