हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में युवक से ऑनलाइन धोखाधड़ी करते हुए बैंक खाते से 2.85 लाख रुपये उड़ा दिए गए। उसके नाम पर फर्जी लोन स्वीकृत कर 1.47 लाख रुपये की अतिरिक्त रकम भी हड़प ली गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रेलवे रोड हरिद्वार निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका खाता एचडीएफसी बैंक की मोती बाजार शाखा में है। एक नवंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से ऑनलाइन माध्यम से 2,85,000 रुपये निकाल लिए। उस दिन शनिवार होने के कारण वह तत्काल बैंक में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। जब उन्हें खाते से धन निकासी की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क कर घटना की सूचना दी, लेकिन तब तक पूरी राशि निकाली जा चुकी थी।
आरोप है कि उनके नाम पर 1,47,532 रुपये का लोन भी स्वीकृत करा लिया। यह रकम खाते में आते ही निकाल ली गई। इसकी जानकारी सोमवार को बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर हुई। अब संबंधित फाइनेंस कंपनी की ओर से लोन अदायगी के लिए लगातार फोन किए जा रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। लोन से उनका किसी प्रकार का कोई लेना-देना नहीं है। शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।