ब्यूरो/अमर उजाला, पथरी
गांव अंबूवाला के निकट एंकर फैक्ट्री के गेट के सामने कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। कर्मचारियों का कहना था कि फैक्ट्री के सहायक प्रबंधक कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने को लेकर उनका साथ दे रहे थे। फैक्ट्री प्रबंधक ने मैनेजमेंट को सहायक प्रबंधक की शिकायत कर उसे नौकरी से हटवा दिया है। जिसके चलते सहायक प्रबंधक डिप्रेशन में चला गया और वह अस्पताल में भर्ती हैं।
शुक्रवार को कर्मचारी सहायक प्रबंधक को वापस बुलाने की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट के सामने प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गये। कर्मचारियों का आरोप है कि पुराने कर्मचारियों को कम और नए नियुक्त होने वाले कर्मचारियों को ज्यादा वेतन दिया जा रहा है। धरने पर बैठने वालों में बबली, सुमन, राखी, सीता, प्रीति, नीलम देवी, कुसुमलता, संगीता, पूनम, कोमल, रीना, सुनीता, ममता, ऋतु, लक्षमन, अनीता, राखी, कमलेश आदि शामिल रहे। फैक्ट्री के एचआर हेड सुधीर शर्मा का कहना है कि मैनेजमेंट द्वारा सहायक प्रबंधक का कंपनी की गुजरात इकाई में ट्रांसफर किया गया है। फेरुपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि फैक्ट्री में हंगामा होने की सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते कर्मचारियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया है।