हरिद्वार।
कई महीनों तक भेल और आसपास के क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने खूंखार हाथी एक बार फिर भेल के आसपास लौट आया है। हाथी कभी भी किसी पर हमला कर सकता है। ऐसे में भेल के आसपास के क्षेत्रों के लोगों को वन विभाग और भेल संपदा विभाग ने सतर्क करते हुए हिदायत जारी की है।
पिछले साल कई महीने तक एक हिंसक हाथी भेल और आसपास के क्षेत्र में घूमता रहा था। इस हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई थी। वन विभाग के अधिकारियों ने 19 जनवरी को कई घंटे के ऑपरेशन के बाद बेहोश करके क्रेन द्वारा पकड़कर चीला रेंज के जंगल में छोड़ दिया था। हाथी का मूवमेंट लगातार देखने के लिए वन विभाग के अधिकारियों की ओर से रेडियो कॉलर लगाए गए थे। जिनके सहारे पता चला कि हाथी पिछले तीन दिनों से भेल के आसपास दोबारा लौट आया है। ऐसे में इस तरह की आशंका है कि हाथी भेल और उसके आसपास के क्षेत्रों में आबादी की तरफ आकर लोगों पर हमला भी कर सकता है। वन विभाग के अफसरों की सलाह पर भेल प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने के लिए कई सुझाव जारी किए हैं। डीएफओ आकाश वर्मा ने बताया कि लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। किसी भी विपरीत परिस्थिति में आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 1077 पर भी सूचना दी जा सकती है।
----------------------
खाद्य पदार्थ खुले में न डालें
हरिद्वार। भेल के संपदा अधिकारी संजय पंवार ने बताया कि वन विभाग के अफसरों की ओर से जारी किए गए अलर्ट को देखते हुए भेल उपनगरी में भी लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। इसके लिए जगह-जगह पोस्टर लगाकर लोगों को हाथी के संभावित हमले की जानकारी की जा रही। उन्होंने बताया कि लोगों को अंधेरे में घर से न निकलें। अपने घर के आसपास अगर केले, बांस और गन्ने खड़े हों तो उन्हें हटवा दें। भेल परिसर में लगने वाली पीठ में भी दुकानदारों को कहा गया है कि वे बचने वाली सब्जी, फल आदि को खुले में न फेंकें।