ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर उत्तरी हरिद्वार स्थित सिद्धपीठ भूमा निकेतन में भूमा पीठ की ओर से पॉली क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। उत्तरी हरिद्वार में काफी समय से एक अस्पताल की मांग की जा रही थी। इस अस्पताल के खुलने से क्षेत्र की जनता को काफी लाभ मिलेगा।
भूमा पीठाधीश्वर स्वामी अच्युतानन्द तीर्थ महाराज के प्रयास से आश्रम परिसर में एक पॉली क्लीनिक की स्थापना कराई गई। शुक्रवार को पॉली क्लीनिक का शुभारंभ नगर आयुक्त डॉ ललित नारायण मिश्रा ने किया। उन्होंने आध्यात्म के साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में भूमा परिवार की सेवाओं को सराहा। उन्होंने कहा कि भूमा अस्पताल के साथ ही अब नया मेडिकल सेंटर खोले जाने से जनता को ज्यादा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। जनता को इन सेवाओं का ज्यादा लाभ उठाना चाहिए। पॉली क्लीनिक गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए एंबुलेंस से रानीपुर झाल चिकित्सालय तक पहुंचाने की निशुल्क व्यवस्था भी कराएगा। भूमा पीठ के प्रवक्ता राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पॉली क्लीनिक के साथ ही एक पंचकर्म केंद्र भी भूमा निकेतन परिसर में चल रहा है। यहां केरल के विशेषज्ञों की ओर से विभिन्न मर्म चिकित्सा की जाती है। इस अवसर पर श्री स्वामी भूमानंद अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. आकाश जैन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, डॉ. मौसम जैफरीन, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा शर्मा, दन्त रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित, ऑप्टोमेटरिस्ट संगीता देवी, स्वामी भूमानंद नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्या, एस. एन्यारकन्नी, सचिव देवराज सिंह तोमर, लेखाधिकारी जयदेव गौड़ समेत आश्रम और चिकित्सालय के कर्मचारी उपस्थित थे।