बहादराबाद। हेवल्स इंडिया लिमिटेड की विजिलेंस टीम ने बहादराबाद स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान बेचने वाली दुकान पर छापा मारते हुए 15 नकली एलईडी पकड़े।
कंपनी के एरिया मैनेजर रमेश कुमार ने बताया कि काफी समय से सूचना मिल रही थी की बहादराबाद में कंपनी का मार्क लगे नकली एलईडी टीवी सस्ते दामों पर बेचे जा रहे हैं। जिससे कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि सूचना की सत्यता को जांचने के लिए कंपनी ने एक व्यक्ति को ग्राहक बना कर मंगलवार को अर्श इलेक्ट्रॉनिक्स पर भेजा उसने दुकान पर जाकर लॉयड कंपनी का एक एलईडी टीवी मांगा और पसंद करने के बाद 7000 रुपये देकर कुछ समय बाद आने को कहकर चला गया। नकली एलईडी की पुष्टि हो जाने पर टीम के ऑपरेशन मैनेजर राकेश शर्मा के नेतृत्व में दीपांश व प्रदीप कुमार ने बहादराबाद पुलिस को साथ लेकर धनौरी रोड़ स्थित अर्श इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान पर छापा मारा। जहां उन्होंने दुकान में रखे लॉयड के 15 एलईडी टीवी बरामद किए। जिनपर हैवल्स इंडिया लिमिटिड के ब्रांड लॉयड का मार्क लगा हुआ था। दुकान मालिक शहीद हसन पुत्र मोहम्मद अख्तर निवासी गढ़मीरपुर से उक्त सामान का बिल मांगा गया लेकिन कोई बिल नहीं दिखा पाया।