अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
श्री निर्मल पंचायती अखाड़ा के कार्यवाहक सचिव महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अब तक निर्मल अखाड़ा के प्रतिनिधि के रूप में महंत बलवंत सिंह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में नामित थे।
पिछले साल अगस्त में महंत बलवंत सिंह को श्री निर्मल पंचायती अखाड़ा के सचिव पद से बर्खास्त कर उनकी जगह महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री को कार्यवाहक सचिव बनाया गया था। महंत बलवंत सिंह ने जिला न्यायालय से अपनी बर्खास्तगी पर स्टे ले लिया था। अब यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
16 मार्च को इलाहाबाद में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की बैठक में परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि ने बताया था कि श्री निर्मल पंचायती अखाड़ा के श्रीमहंत ज्ञानदास सिंह वेदांताचार्य महाराज ने सूचित किया था कि महंत बलवंत सिंह को सचिव पद से हटा दिया गया है। उनके अखाड़े की ओर से महंत देवेंद्र शास्त्री को अखाडे़ के प्रतिनिधि के रूप में परिषद का उपाध्यक्ष नामित किया जाए। परिषद की बैठक में महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री को उपाध्यक्ष एवं महंत कमलजीत सिंह शास्त्री को कार्यकारिणी का सदस्य नामित किया गया।
महंत ज्ञान सिंह, महंत जसविंदर शास्त्री, महंत सतनाम सिंह, महंत हरि गिरि सिंह, महंत गुरमीत सिंह, महंत जगजीत सिंह, संत खेम सिंह, संत दर्शन सिंह शास्त्री, महंत जसवीर सिंह, गुरबचन सिंह, लक्ष्मण सिंह शास्त्री, अमनदीप सिंह, संत मलकीत सिंह, जहांगीर आदि ने अखाडा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि महाराज के साथ अन्य पदाधिकारियों का आभार जताया।