ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
हरकी पैड़ी क्षेत्र में लावारिस मिली नवजात बच्ची को श्रीराम आश्रम संस्था (श्यामपुर कांगड़ी) ने अपना लिया है। बाल कल्याण समिति ने औपचारिकताएं पूरी कर संस्था को सौंप दिया है।
हाथी पुल से सटे गंगा घाट पर प्लास्टिक के कट्टे पर एक नवजात लावारिस अवस्था में मिली थी। स्थानीय पुलिस ने मासूम को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह नहीं पता चल सका था कि आखिर कौन मासूम को यहां छोड़कर गया है। इधर पुलिस की सूचना पर बाल कल्याण समिति हरकत में आ गई थी। चिकित्सकों ने मासूम के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही सुपुर्द करने की बात कही थी। मासूम के स्वस्थ होने पर महिला अस्पताल प्रबंधन ने उसे बाल कल्याण समिति को सौंप दिया। बाल कल्याण समिति ने मासूम को श्रीराम आश्रम के सुपुर्द कर दिया है। इस आश्रम में कई यतीम बच्चे हैं और बेहतर तालीम हासिल कर रहे हैं। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मासूम को लेने के लिए कई दंपति उनके पास आते रहे लेकिन अब मासूम को श्रीराम आश्रम में भेजा जा चुका है।