हरिद्वार। टैक्सी मैक्सी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने शुक्रवार को चारधाम यात्रा में बाहरी राज्यों की गाड़ियों के संचालन का आरोप लगाते हुए गाड़ियों पर कार्रवाई की मांग की। गाड़ियां चलने के विरोध में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से संचालित हो रही बाहरी राज्यों की गाड़ियों से स्थानीय कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि अवैध रूप से ट्रेवल एजेंसियों का संचालन कर रहे लोगों की शह पर बाहरी राज्यों की टैक्सियों के अलावा प्राईवेट वाहनों में भी सवारियां ढोयी जा रही हैं। हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों की गाड़ियां नियमों का खुला उल्लंघन कर रही हैं। उनका आरोप है कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों को बार-बार जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश भाटिया ने चेतावनी दी कि प्रशासन अगर कार्रवाई नहीं करता तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान महामंत्री संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष इकबाल सिंह, राजीव अग्रवाल, चंद्रकांत शर्मा, दीपक शर्मा राधाकृष्ण गांधी, राजेश शर्मा, नितिन ठाकुर, हरीश भाटिया, बंटी, भूपेंद्र, हरमीत आदि सहित बड़ी संख्या में ट्रेवल व्यवसायी मौजूद रहे।