हरिद्वार। सप्तसरोवर मार्ग स्थित तुलसी मानस मंदिर में हो रहे संत सम्मेलन में संतों ने अयोध्या में बिना देरी किए राम मंदिर निर्माण की मांग उठाई। संतों ने कहा कि देश की जनता ने राम मंदिर निर्माण के लिए बहुमत दिया है। यदि अब भी राम मंदिर नहीं बना तो सत्ताधारी पार्टी पर कभी विश्वास नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को तुलसी मानस मंदिर में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की नवम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संत समागम हुआ, जिसमें अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि संतों का जीवन मानव सेवा में समर्पित रहकर सनातन संस्कृति का प्रचार प्रसार करना होता है। संतों के प्रयास से पूरी दुनिया सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रति आकर्षित हो रही है। तुलसी मानस मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी अर्जुनपुरी ने कहा कि देश की जनता अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शीघ्रता से चाहती है, इसके लिए हिंदुत्व की सरकार को बहुमत से चुना।