हरिद्वार। मेयर अनीता शर्मा ने नगर निगम की अवस्थापना विकास निधि के 5 करोड़ 16 लाख रुपये की धनराशि ग्रामीण विकास विभाग (आरईएस) को देने का कड़ा विरोध किया है। जिलाधिकारी दीपक रावत को पत्र लिखकर मेयर अनीता शर्मा ने कहा है कि शासन से अवमुक्त धनराशि जनहित में नगर निगम को अवमुक्त करा दी जाए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से नगर निगम क्षेत्र में अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत कराए जाने वाले 120 विकास कार्य स्वीकृत हैं। जिसके लिए 5 करोड़ 16 लाख रुपये जिलाधिकारी को अवमुक्त करा दिए गए हैं, लेकिन जिलाधिकारी ने इस धनराशि को अभी तक नगर निगम को अवमुक्त नहीं किया है। उन्होंने बताया कि यह जानकारी में आया है कि नगर निगम की धनराशि को ग्रामीण विकास विभाग अपने पक्ष में आवंटित कराने का प्रयास कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले बोर्ड के दौरान भी डीएम ने आरईएस को कार्यदायी संस्था नामित कर अवस्थापना निधि का 5 करोड़ रुपया उसको दे दिया था। बहाना यह बनाया गया था कि नगर निगम के निर्माण विभाग में इंजीनियरिंग स्टाफ नहीं है।