ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
गढ़वाल मंडल कमिश्नर ने एचआरडीए को छह जून को अपने एक्शन प्लान के साथ देहरादून तलब किया है। इसकी तैयारी के लिए वीसी आलोक कुमार पांडेय ने शुक्रवार को अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक की और सभी को अपडेट होने का निर्देश दिया।
वीसी ने शहर का सुंदरीकरण का काम प्राथमिकता में रखा है। वीआईपी घाट स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क का सुंदरीकरण और भगवान शिव की विशाल मूर्ति पर आरजीवी लाइटिंग की व्यवस्था का काम शनिवार से शुरू होगा। इंद्रलोक हाउसिंग योजना में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर वीसी ने जोर दिया है। एचआरडीए सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि शहर का सुंदरीकरण का काम प्रथमिकता है। पार्कों का सुंदरीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सिटी फोरेस्टी के तहत पौधरोपण किया जाएगा। स्मृति वन की योजना पर भी मंथन किया जा रहा है। पार्कों के साथ ही शहर के चौराहों और तिराहों की दशा सुधारी जाएगी। उन्होंने बताया कमिश्नर गढ़वाल मंडल एचआरडीए के चेयरमैन भी हैैं। उन्होंने छह जून को देहरादूून में बैठक बुलाई है और एचआरडीए को अपने एक्शन प्लान के साथ आने का निर्देश दिया है। इसी सिलसिले में वीसी ने बैठक कर दिशा-निर्देश दिए हैं।