जिलाबदर रहे भाजपा के एक नेता पर एक हॉस्टल संचालक ने पिटाई करने और पांच लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित हॉस्टल संचालक ने इस संबंध में एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर जान माल की गुहार लगाई है।
क्षेत्र के जगजीतपुर निवासी विकास गेरा का पीजी हॉस्टल है। आरोप है कि बुधवार की देर रात भाजपा का एक नेता, उसका भाई और पांच समर्थक उसके हॉस्टल में घुस आए। आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई।
आरोप है कि हॉस्टल संचालक ने पांच लाख की रंगदारी देने से इंकार कर दिया तो तीन दिन के अंदर हत्या की धमकी दी गई। इधर, घटना की सूचना मिलने पर कनखल पुलिस जब तक मौके पर पहुंची तब तक वह फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पूर्व में भी आरोपी उसके हॉस्टल में तोड़फोड़ कर चुका है और पूरे क्षेत्र में अपना गैंग भी संचालित कर रहा है। आरोपी के खिलाफ कनखल थाने में हत्या के प्रयास से लेकर कई गंभीर धाराओं में पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं और उसे छह माह के लिए जिला बदर भी किया जा चुका है। एसओ हरिओमराज चौहान ने बताया कि भाजपा नेता की तलाश कर रहे हैं। इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई होना तय है।