हरिद्वार। रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों के संगम तट पर एलटी लाइन और एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए बीएचईएल की ओर से अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए बीएचईएल द्वारा कार्पोरेट सामाजिक दायित्व सीएसआर योजना के अंतर्गत उत्तराखंड पावर कार्पोरेशन लिमिटेड यूपीसीएल के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में संजय सिन्हा ने कहा कि बीएचईएल हमेशा से ही सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करता रहा है और भविष्य में भी करेगा। उन्होंने बताया कि बीएचईएल अपने सामाजिक दायित्वों के अंतर्गत कई प्रकार की उपयोगी परियोजनाओं पर काम कर रहा है। मनोज सती ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए सहयोग के लिए बीएचईएल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के प्रस्ताव पर स्वीकृत की गई। इसके पहले बीएचईएल के मानव संसाधन के महाप्रबंधक संजय सिन्हा और यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता मनोज सती ने इस अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस योजना का क्रियान्वयन दोनों विभाग संयुक्त रूप से करेंगे। इस अवसर पर सीएसआर के अपर महाप्रबंधक पीके गुप्ता, सीएसआर के उप महाप्रबंधक जेबी सिंह, उप अभियंता सुधीर कुमार आदि उपस्थित थे।