हरिद्वार। श्री पंच निर्मोही अणि अखाड़े के परमाध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्रदास ने कहा कि महाकुंभ मेला 2021 में मां गंगा के आशीर्वाद से सकुशल संपन्न कराया जाएगा। इसमें देश के सभी संत महापुरुषों के सानिध्य में और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सहयोग से महाकुंभ आयोजित कर देश दुनिया में मिसाल कायम की जाएगी।
बैरागी कैंप स्थित सिद्धबली हनुमान मंदिर में बैरागी संतों की बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमहंत राजेंद्रदास ने कहा कि बैरागी कैंप में जिन लोगों ने बैरागी अखाड़ों के लिए आरक्षित मेला भूमि पर अवैध रूप से कब्जे किए हैं। उन सभी कब्जों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री और शासन प्रशासन से मांग की है कि तीनों बैरागी अखाड़ों के लाखों संत महंत और खालसा महाकुंभ मेले में अपनी तप और तपस्या में लीन रहते हैं और इस बार कोई भी बैरागी संत महंत गंगा के पार अपना शिविर नहीं लगाएगा। क्योंकि चंडीघाट और गंगा पार में समस्त संन्यासियों का वास होता है। इसलिए नहीं चाहते कि बैरागी संत और खालसा गंगा पार जाएं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के पूर्व प्रवक्ता बाबा बलरामदास हठयोगी ने बैरागी अखाड़ों की संपत्तियों पर जिन कथित असामाजिक तत्वों ने कब्जा किया है। उन्हें तत्काल हटाया जाए।
निर्मोही अणि अखाड़े के राष्ट्रीय सचिव महंत रामशरण दास महाराज ने कहा कि प्रशासन और सरकार को चाहिए कि बैरागी अखाड़ों को मिलने वाली बैरागी कैंप की भूमि को तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि कुंभ मेले में आने वाले संत महापुरुषों को कोई परेशानी ना हो। इस मौके पर श्रीमहंत विष्णुदास, महंत अवधबिहारी दास, महंत दुर्गादास, महंत रामदास, महंत सिंटू महाराज, महंत लंकेश दास, स्वामी अमित पुरी, स्वामी अरूणदास आदि सहित कई बैरागी संत मौजूद रहे।