ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
एचआरडीए ने आवास विकास की मॉडल कालोनी स्थित एक कांपलेक्स के तृतीय तल पर कई दिन से चल रहा अवैध निर्माण सील कर दिया है। इस अवैध निर्माण को रुकवाने के लिए न्यू चंद्राचार्य व्यापार मंडल ने दो दिन से दबाव बना रखा था। एचआरडीए सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि निर्माण पूर्ण रूप अवैध था, इसलिए उसको सील करा दिया गया है।
सचिव की ओर से जारी सील के आदेश के अनुपालन में बुधवार को अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने अवैध निर्माण को सील किया है। यह कांपलेक्स पूरी तरह व्यवसायिक है। यहां के व्यापारियों को डर है कि पुरानी बिल्डिंग पर एक और मंजिल का बोझ बढ़ाने से अनहोनी घटना हो सकती है। न्यू चंद्राचार्य व्यापार मंडल अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने बताया कि सचिव ने पहले भी सीलिंग के आदेश दिए थे, इसके बावजूद अवैध निर्माण चल रहा था। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों सुनील गुलाटी, अनूप सिंह सिद्धू, राजन मेहता, सुधीर गुप्ता, आशीष कौशिक, संजीव सेठी, अनुराग खन्ना, कपिल शर्मा आदि ने कहा कि अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
अवैध निर्माणों पर होगी कार्रवाई
एचआरडीए सचिव कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि भूपतवाला क्षेत्र में कई स्थानों पर बड़े व्यवसायिक व आवासीय निर्माणों की शिकायत मिली है। अधिशासी अभियंता को भूपतवाला में भट्ठा कालोनी, भारतमातापुरम, श्रद्धापुरम, सत्यम विहार क्षेत्र में चल रहे निर्माणों की मौके पर जाकर जांच करने और अवैध निर्माणों को सख्ती के साथ रोकने को निर्देशित किया गया है। अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा ने बताया कि क्षेत्रीय अवर अभियंता के टीम मौके पर भेजी जा रही है।