- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मर्चेंट नेवी के कर्मचारी और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शुभम पुत्र नरेश कुमार निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि मर्चेंट नेवी में कार्यरत अमित मलिक और उसके भाई सुमित मलिक निवासी पनियाला रोड रुड़की उसके परिवार के पुराने परिचित हैं। दोनों भाइयों ने उसके भाई शिवम कुमार को मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि अमित मलिक ने कहा कि वह आसानी से मर्चेंट नेवी में नौकरी लगवा सकता है। इस पर भरोसा कर शुभम ने अलग-अलग तिथियों में रकम सुमित मलिक के बैंक खाते में जमा कराई। नौ जनवरी 2019 को दो लाख, 17 जनवरी और पांच फरवरी 2019 को 3-3 लाख रुपये, 12 मार्च को दो लाख, सात मई और 20 मई को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये, 22 जुलाई 2019 को दो लाख कुल 15 लाख जमा किए।
आरोप है कि रकम देने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। जब शुभम और उसके परिवार ने पैसे वापस मांगे तो दोनों ने पहले गलती स्वीकार करते हुए जल्द रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। समय बीतने के बावजूद रकम नहीं लौटाई। पुलिस और अमित के विभाग में शिकायत करने की बात कही तो सुमित ने अंजाम बुरा होने की धमकी दी। आरोप है कि बीती 29 जुलाई की शाम सुभाष नगर बैरियर नंबर-08 के पास सुमित मलिक ने अपने एक साथी के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से उसे पीटा। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।