हरिद्वार।
जिला पंचायत फिर से लदान-ढुलान शुल्क शुरू करेगा। इससे जिला पंचायत को साल भर में करीब पांच करोड़ की आमदनी होगी। ये शुल्क व्यावसायिक वाहनों से वसूला जाता है। कृषि और संबंधित वाहनों से कोई शुल्क वसूला नहीं जाएगा। जिला पंचायत ने कुंभ-2010 में यह टैक्स समाप्त कर दिया था। राज्य वित्त आयोग से जारी होने वाले करीब 10 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों के लिए प्रत्येक सदस्य से 20-20 लाख रुपये के प्रस्ताव भी मांगे गए। इस दौरान तहबाजारी के शुल्क को भी दोगुना किया गया।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक पूर्व की बैठक से 19 दिन बाद ही करनी पड़ी, क्योंकि अगला महीना रमजान का है और फिर नगर निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लग सकती है। जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चौधरी की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में सबसे पहला प्रस्ताव राज्य वित्त से मिलने वाले बजट के सापेक्ष में सभी सदस्यों से 20-20 लाख रुपये के प्रस्ताव मांगे। इसके बाद कुंभ-2010 में समाप्त किए गए जिला पंचायत के लदान-ढुलान को फिर से शुरू करने का प्रस्ताव जिला पंचायत के एएमए आरकेएन त्रिपाठी ने रखा। जिस पर बिजेंद्र सिंह ने आपत्ति जताई तो मोहम्मद सत्तार के साथ कई सदस्यों ने सुधार की बात कही। जिसमें कृषि से संबंधित समस्त वाहनों को लदान-ढुलान से इससे बाहर रखा गया। इसके लिए शीघ्र ही टेंडर जारी कर दिया जाएगा। अध्यक्ष सविता चौधरी ने बताया कि शुल्क लागू होने से जिला पंचायत को साल भर में पांच करोड़ की आमदनी होगी और करीब 500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसी के साथ 1996 से तहबाजारी के वार्षिक शुल्क को पांच हजार से बढ़ाकर दस हजार और पशु पीठ के शुल्क को भी बढ़ाने पर विचार कर प्रस्ताव पारित किया गया। मीट की दुकानों के लाइसेंस शुल्क बढ़ाने पर भी सहमति बनी। जिला पंचायत की पुरानी दुकानों का किराया भी दोगुना करते हुए प्रतिवर्ष दस प्रतिशत बढ़ाने के साथ रुड़की स्थित डाक बंगले का विस्तार करते हुए अंदर दुकानें बनाने पर प्रस्ताव पारित हुआ। अमन त्यागी ने ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानों पर लगने वाले शुल्क को समाप्त करने की मांग उठाई, जिस पर विचार करने को कहा गया। रोशनलाल, भूप सिंह ने अपने क्षेत्रों में हैंडपंप और लाइटें लगवाने की मांग की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक अली, विधायक देशराज कर्णवाल ने समस्त विभागों की समीक्षा करने को बैठक करने को कहा। राव आफाक अली ने कहा कि विभागवार समीक्षा जरूरी है, क्योंकि उनके द्वारा संचालित योजनाओं को सही तरीके से क्रियान्वित हो और सही जानकारी मिल सके। विधायक स्वामी यतीश्वरानंद और संजय गुप्ता ने भी सीसी सड़कें बनवाने को प्रस्ताव दिए। लतीफन अंसारी ने जिला पंचायत मेसो देवी के निधन पर शोक रखने को प्रस्ताव रखा और जिस पर स्वर्गीय मेसो देवी को श्रद्घांजलि देने के बाद बैठक की कार्यवाही समाप्त कर दी गई।
----------------- --
लदान-ढुलान में यह वसूला जाएगा शुल्क
ट्रक 6 टायर वाले से 100 रुपये, ट्रक 4 टायर वाले से 50 रुपये, 10 टायर वाला बड़े ट्राला एवं ट्रक से 150 रुपये, 10 टायर से अधिक वाला ट्राला एवं ट्रक से 200 रुपये, ट्रैक्टर ट्राली 100 रुपये, तेल का टैंकर 6 टायर वाले से 100 रुपये, तेल का टैंकर 10 टायर वाले से 200 रुपये।
--------------------
सदस्यों और अध्यक्ष का वेतनमान बढ़ा
शासन की ओर से 11 नवंबर-2017 के शासनादेश के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव पारित हुआ। जिसके तहत अध्यक्ष को पांच हजार के बजाय दस हजार रुपये, उपाध्यक्ष को दो हजार के बजाय पांच हजार रुपये और सदस्यों को 200 रुपये के बजाय एक हजार रुपये मानदेय मिलेगा।
-------------------
ये हुए बैठक में शामिल
जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चौधरी, उपाध्यक्ष राव आफाक अली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंजूम बेग, मौ. सत्तार, कविता, रोशनलाल, मोनिका, फुरकान, तोषी, इसराइला, लतीफन, सुखविंदर कौर, विजयपाल, फसात अली, तेजपाल, प्रवीण, मुनीर आलम, अनुज कुमार, भूप सिंह, बालेश, सोनी, विमला, किश्वर, सपना, नीतू, सलमी, नूरहसन, वीरेंद्र राणा, मोसिना, शारदा, मीनाक्षी देवी, नीलू, अमीलाल, मोहिनी, मजर हसन, बिजेंद्र सिंह, किरत सिंह, फूल सिंह, प्रीति देवी, रजनीश कुमार शामिल हुए।