अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
शिवालिक नगर में खेल इंडिया ट्रस्ट एकेडमी की ओर से निशानेबाजी प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसमें सात राज्यों से 200 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि शामिल अरुण सारस्वत ने आयोजन के लिए खेल इंडिया ट्रस्ट की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन प्लेटफार्म सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर मुकाम हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। विशिष्ठ अतिथि रोटरी क्लब के अध्यक्ष बीएम गुप्ता ने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसी प्रतियोगिताओं के ज्यादा से ज्यादा आयोजन होने चाहिए। नीरज गुप्ता एवं दीपक मेहरा ने कहा कि निशानेबाजी करने वाले खिलाड़िय़ों को राज्य में ही प्रशिक्षित किया जाए। प्रतियोगिता में चार ग्रुप लिटिल चैंप्स 12 वर्ष एवं जूनियर ग्रुप में 12 से 18 आयु वर्ग एवं यूथ वर्ग में 18 से 21 आयु वर्ग सीनियर ग्रुप में 21 से 60 आयु के खिलाड़ी प्रतिभाग करेगें। 21 मार्च को प्रतियोगिता का समापन के साथ ही विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। खेल इंडिया ट्रस्ट एकेडमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह तोमर ने कहा कि निशानेबाजी में एकाग्रता जरूरी है। हमारी कोशिश है कि राज्य में खिलाड़ियों के लिए अच्छा प्लेटफार्म तैयार किया जाए। इस अवसर पर भगत सिंह वर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, जितेंद्र तोमर, अनिल, सोमनाथ, पराग सक्सेना, विपुल गुप्ता, सोफिया, पावनी गुप्ता, प्रणव सिंह आदि उपस्थित रहे।