ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत फील्ड आउटरीच ब्यूरो पौड़ी के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी लीलाधर पांडे के निर्देशन में जमालपुर कलां स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जनजागरुकता कार्यक्रम हुआ।
मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष अनीता वर्मा ने कहा कि स्वच्छता में ही ईश्वर का वास है। स्वच्छ भारत मिशन भारत सरकार का एक महत्तवाकांक्षी अभियान है, जिसके प्रचार प्रसार में सूचना प्रसारण मंत्रालय का फील्ड आउटरीच ब्यूरो महत्तवपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आंगनबाड़ी सुपर वाइजर रागिनी जोशी ने बच्चों को बाल कल्याण विभाग की योजनाएं बताई और स्वच्छता विषय पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्या रविंद्र चौधरी और विशिष्ट अतिथि रागिनी जोशी ने भी विचार व्यक्त किए। फील्ड आउटरीच ब्यूरो पौड़ी के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी लीलाधर पांडे ने विद्यालय में स्वच्छता को लेकर निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता कराई। इसके बाद छात्र-छात्राओं की जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमांलपुर के प्रधानाचार्य, रविंद्र सिंह, भारत लोक सेवा संस्थान के अध्यक्ष मनोज कुमार पाल, आशीर्वाद इंडिया संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं जुनैद, निजाम, मोहम्मद कैफ, कुमारी वंशिका, खुशबू कश्यप, गौरी मंगोला, कुमारी वीरवती, नंदिनी तथा सुमित कुमार को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया। गोविंद कृपा सेवा समिति और आंगनबाड़ी, कार्यर्ताओं, बाल विकास विभाग और आशाओं ने कार्यक्रम के आयेाजन में सहयोग प्रदान किया।