जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को आर्मी के नौ जवानों और सिडकुल के 46 कर्मचारियों समेत 122 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। सभी को कोविड केयर सेंटरों में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं, आर्मी में सामूहिक तौर पर मामले आने से चिंताएं बढ़ गई हैं। शुक्रवार को एक दिन में सर्वाधिक 2313 लोगों के सैंपल लिए गए।
शुक्रवार को 000000 लोगों की रिपोर्ट आई, जिनमें से 122 संक्रमित पाए गए। रुड़की की आर्मी की कोर में नौ जवानों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनके अलावा सिडकुल में 46, एक स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट में पॉजिटिव आई है। मरीजों के संपर्क में आने से 21 लोग संक्रमित हुए हैं। सर्विलांस एवं पाबंद क्षेत्रों से लिए गए सैंपलों में 24 संक्रमित मिले हैं। जनपद के कोविड केयर सेंटरों में अब कुल 674 मरीज भर्ती हैं। कुल मरीजों की संख्या 2787 हो गई है। स्वस्थ होने पर शुक्रवार को 106 डिस्चार्ज किए गए।
पूर्व पार्षद के संक्रमित पिता की मौत
हरिद्वार। पूर्व पार्षद एवं व्यापारी नेता के 82 वर्षीय संक्रमित पिता की शुक्रवार को मौत हो गई। उनका उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा था। आईसीएमआर की गाइडलाइन के तहत ऋषिकेश में ही उनका अंतिम संस्कार कराया गया। उनके निधन पर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, मुकेश कौशिक, नरेश शर्मा, विकास तिवारी, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार, अमर कुमार, विक्की तनेजा, विपिन गुप्ता, किशोर अरोड़ा, परमानंद पोपली, प्रदीप कालरा, संदीप कपूर, देवेंद्र चावला, ईश्वर अरोड़ा, प्रमोद पांधी, सुनील अरोड़ा आदि ने शोक जताया।