ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार। किसानों की विभिन्न मांगों के समाधान की मांग को लेकर सहायक गन्ना आयुक्त के ज्वालापुर दफ्तर में वार्ता करने आए किसानों की एक शुगर मिल के महाप्रबंधक के साथ जमकर बहस और धक्का मुक्की हुई। आरोप है कि कुछ किसानों ने महाप्रबंधक के साथ मारपीट का भी प्रयास किया, लेकिन बीच बचाव किए जाने से मामला शांत हो गया। बाद में सहायक गन्ना आयुक्त ने बीच बचाव कर महाप्रबंधक को बाहर भेजा और किसानों से वार्ता कर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
मंगलवार की दोपहर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विकेश चौधरी उर्फ विक्की बालियान व गन्ना विकास समिति लिब्बरहेड़ी के चेयरमैन कुलदीप चौधरी करीब 60 किसानों के साथ सहायक गन्ना आयुक्त के ज्वालापुर स्थित दफ्तर में वार्ता करने के लिए आए थे। किसानों ने गन्ना भुगतान और मिल में पहुंचने वाले ओवर लोडेड गन्ने को ट्राली और बोगियों से न उतारने और बाहरी गन्ने पर भी रोक लगाने की मांग की। किसान अभी बात ही कर ही रहे थे कि तभी एक शुगर मिल के महाप्रबंधक भी वार्ता करने के लिए आ गए। वार्ता चल ही रही थी कि महाप्रबंधक के तर्कों से असंतुष्ट किसान नेताओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों और महाप्रबंधक में बहस और धक्का मुक्की हो गई। जैसे तैसे सहायक गन्ना आयुक्त शैलेंद्र कुमार और अन्य अफसरों ने मामला शांत कराया। इस मौके पर किसानो में निशांत, कुलदीप, नरेश, ऋषि पाल, राम कुमार, गय्यूर, रामभूल, सुशील, अभय, आकाश और प्रमोद आदि मौजूद रहे।