ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
ललतारौपुल के पास करणी भवन धर्मशाला की छत से गिरकर यूपी के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया पुलिस घटना को आत्महत्या मानकर चल रही है। पारिवारिक कलह के चलते युवक घर से बिना बताए चला आया था।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि रविवार तड़के में मटरू चाय वाले ने एक युवक का शव गली में पड़े होने की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जानकारी जुटाई तो मृतक की पहचान सवेंद्र कुमार पुत्र अमरनाथ निवासी हनुमानपुर मुगल सराय चंदौली यूपी के रूप में हुई। सामने आया कि युवक करणी भवन धर्मशाला में 13 मार्च को आकर ठहरा था और फिर धर्मशाला में ही नौकरी करने लगा था। युवक के कमरे से दो मोबाइल फोन, तीस हजार रुपये और सिक्के से भरा थैला बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि युवक घर से बिना बताए चले आया था। धर्मशाला में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह छत पर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। संभवत उसने आत्महत्या की है, पूरे मामले की जांच रहे हैं। युवक पेशे से दुकानदार था। उसके परिजन को सूचना दे दी है।