ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
कांग्रेस की चुनावी रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान और बेरोजगारों की दुखती रग को छूने की कोशिश की। उनका पूरा भाषण किसान और बेरोजगारों पर फोकस रहा। उन्होंने घोषणा की कि आसमान फट जाए या और भी कोई हालात हों किसानों का 10 दिन में कर्जा माफ करेंगे। उन्होंने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों का ऋण माफ कर दिया गया।
गंगा के किनारे पंतद्वीप पार्किंग मैदान से राहुल गांधी का अधिकांश भाषण किसानों की हालत सुधारने और बेरोजगारों को रोजगार दिलाने पर फोकस रहा। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनी तो एक साल के अंदर देश में सरकारी विभागों में खाली 22 लाख पदों को भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के कुल 15 लोग हजारों करोड़ रुपये लेकर भाग गए, लेकिन किसानों के कर्जा माफ करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के पास एक पाई नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के किसानों के गन्ने के 530 करोड़ रुपये चीनी मिलों पर बकाया है। उन्होंने वादा किया सरकार बनते ही किसानों की फसलों का भुगतान समय से कराएंगे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यदि देश का पैसा लेकर भागने वाले जेल नहीं जाएंगे तो कर्जदार किसान भी जेल नहीं जाएंगे, इसके लिए विशेष प्रावधान रखा गया है।